Sunday, June 15, 2025
No menu items!

अब 11 सीटों पर पूरी ताकत झोंकेगी कांग्रेस, राहुल और अखिलेश 10 को करेंगे जनसभाएं; अमेठी-रायबरेली में प्रियंका का फोकस…

Must Read

लखनऊ: राहुल गांधी को रायबरेली से चुनावी मैदान में उतारने के बाद कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंकने की तैयारी की है। प्रियंका गांधी वाड्रा खासतौर से रायबरेली व अमेठी के चुनाव प्रचार में सक्रिय दिखाई देंगी। वहीं राहुल व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की संयुक्त जनसभाएं 10 मई से रखी गई हैं। उत्तर प्रदेश में चुनाव के प्रचार के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व सचिन पायलट के भी कार्यक्रम तय किए गए हैं। सोनिया गांधी के कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं। रविवार को सचिन पायलेट फतेहपुर सीकरी में कांग्रेस का प्रचार करेंगे।

चार चरणों की 11 सीटों पर मैदान में कांग्रेस
उत्तर प्रदेश में सात चरणों में हो रहे लोकसभा चुनाव के पहले दो चरणों में 16 सीटों पर मतदान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। तीसरे चरण की 10 सीटों पर सात मई को मतदान होना है। चौथे चरण में 13, पांचवें में 14, छठे में 14 व सातवें चरण में 13 सीटों पर मतदान होना है। इन चार चरणों में कांग्रेस 11 सीटों पर चुनावी मैदान में है। इनमें सीतापुर, कानपुर, रायबरेली, अमेठी, बाराबंकी, इलाहाबाद, बांसगांव, देवरिया, महाराजगंज, वाराणसी व झांसी की सीटें शामिल हैं।

देशभर में चुनावी सभाएं व रोड शो कर रही प्रियंका गांधी अब कांग्रेसी गढ़ माने जाने वाले रायबरेली व अमेठी सीट पर चुनाव प्रचार में सक्रिय दिखाई देंगी। अमेठी से चुनाव लड़ रहे किशोरी लाल शर्मा चूंकि 1983 के बाद से अमेठी व रायबरेली के चुनावों की कमान संभालते रहे हैं इसलिए स्थानीय स्तर पर उन्होंने चुनावी रणनीति तय की है। प्रियंका, किशोरी लाल की रणनीति के अनुसार ही चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगी।

अमेठी में प्रियंका का फोकस
कांग्रेस सूत्रों के अऩुसार, प्रियंका की कोशिश है कि वह अमेठी में ज्यादा समय बिताएं, जिससे किसी भी कीमत पर अमेठी की सीट को भाजपा से छीनकर कांग्रेस के पाले में डाल सकें और वर्ष 2019 के चुनाव में अपने भाई राहुल की हार का बदला भी स्मृति ईरानी से ले सकें। यही वजह है कि उन्होंने तीन को नामांकन के बाद अमेठी में अपने करीबियों को सक्रिय कर दिया है। प्रियंका इस सीट को चुनौती के रूप में ले रही हैं।इसके साथ ही राहुल व अखिलेश की 30 से ज्यादा संयुक्त जनसभाएं व 20 रोड शो की योजना बनाई जा रही है। सीटवार इन्हें आयोजित करने की योजना कांग्रेस व सपा के नेता संयुक्त रूप से कर रहे हैं।

10 मई को कन्नौज में करेंगे रोड शो
10 व 12 मई की तिथियां तय की जा चुकी हैं। 10 को कन्नौज व कानपुर में तथा 12 को मोहनलाल गंज तथा बाराबंकी में जनसभाएं व रोड शो की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके अलावा मल्लिकार्जुन खरगे 14 को महाराज गंज में जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय ने अब उत्तर प्रदेश में ही डेरा डाल दिया है। सोनिया गांधी के कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं। उप्र में कांग्रेस 17 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उसकी कोशिश है कि इस बार ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज कर अगले विधानसभा चुनाव की जमीन तैयार की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर अपने नाम कर लिया विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का खिताब…

दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका ने एडेन मार्करम की शतकीय पारी की मदद से ऑस्ट्रेलिया को हराकर विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC)...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This