Friday, March 6, 2026
No menu items!

चैंपियंस ट्रॉफी 2025: दुबई पहुंची भारतीय टीम, रोहित-कोहली पर होंगी नजरें…

Must Read
दिल्ली: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के लिए भारतीय क्रिकेट टीम दुबई पहुंच चुकी है। शनिवार को भारतीय टीम मुंबई से दुबई के लिए रवाना हुई। सफेद टी-शर्ट और काली ट्रैक पहने रोहित शर्मा जब शनिवार को चैंपियंस ट्रॉफी के लिए दुबई रवाना होने के लिए अपनी कार से उतरे तो छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के प्रवेश द्वार के पास इंतजार कर रहे प्रशंसकों ने जोर-जोर से रोहित भाई और रोहित सर कहकर उनका ध्यान अपनी तरफ खींचा।
भारतीय कप्तान मुस्कुराते हुए प्रस्थान लाउंज में अपने साथियों की ओर बढ़े। मुख्य कोच गौतम गंभीर, उप-कप्तान शुभमन गिल और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली सहित टीम के अधिकतर सदस्य टीम बस में हवाई अड्डे पहुंचे। इनमें से कुछ खिलाड़ियों ने कुछ प्रशंसकों को आटोग्राफ देकर या हाथ हिलाकर उनका आभार व्यक्त किया।

भारतीय टीम पिछले वर्ष जून में टी20 विश्व कप जीतने के बाद एक और वैश्विक ट्रॉफी हासिल करने की उम्मीदों के बीच आगामी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए दुबई के लिए दोपहर की उड़ान में सवार हो गई। भारतीय टीम स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के बिना चैंपियंस ट्रॉफी में खेलने के लिए गई है। बुमराह चोटिल होने के कारण इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।

भारत लीग चरण में अपना पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के विरुद्ध खेलेगा जबकि 23 फरवरी को उसका सामना चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से होगा। भारत अपना अंतिम लीग मैच दो मार्च को न्यूजीलैंड के विरुद्ध खेलेगा। रोहित शर्मा की अगुआई वाली टीम ने हाल ही में अपनी घरेलू धरती पर इंग्लैंड के विरुद्ध तीनों मैच जीते थे जिससे प्रशंसकों और टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है।
मुंबई हवाई अड्डे पर इकट्ठे हुए समर्थक उम्मीद कर रहे होंगे कि रोहित और कोहली के नेतृत्व में ये दिग्गज एक और जीत हासिल करेंगे जैसा कि उन्होंने पिछले वर्ष वेस्टइंडीज में किया था। भारत को अगर चैंपियंस ट्राफी में टी20 विश्व कप की कहानी दोहरानी है तो उसके दोनों स्टार बल्लेबाज रोहित और कोहली को अच्छा प्रदर्शन करना होगा।इंग्लैंड के विरुद्ध वनडे सीरीज में इन दोनों ने हालांकि फार्म में वापसी करने के संकेत दिए। रोहित ने कटक में खेले गए दूसरे वनडे में 90 गेंद पर 119 रन बनाए जबकि कोहली ने अहमदाबाद में तीसरे वनडे में अर्धशतक लगाया था। चैंपियंस ट्रॉफी में इन दोनों खिलाडि़यों के प्रदर्शन पर अजीत अगरकर की अगुआई वाली चयन समिति की करीबी नजर रहेगी।

अपने करियर के ढलान पर खड़े रोहित और कोहली का चैंपियंस ट्रॉफी में प्रदर्शन उनके भविष्य के लिए भी काफी मायने रखेगा। कोहली को वनडे इतिहास में 14,000 रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बनने के लिए 37 रन की जरूरत है, जबकि रोहित 11,000 रन पूरे करने वाले 10वें बल्लेबाज बनने से केवल 12 रन दूर हैं। लेकिन ट्रॉफी के बिना इन आंकड़ों पर कोई गौर नहीं करेगा।

भारतीय टीम में शामिल कुछ युवा खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करके अपनी जगह मजबूत करना चाहेंगे। उप कप्तान गिल अपनी शानदार फार्म जारी रखकर उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के चयन समिति के फैसले को सही साबित करना चाहेंगे। चोट के कारण बुमराह की अनुपस्थिति अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ियों के लिए यह एक अवसर है, जबकि वरुण चक्रवर्ती साबित करना चाहेंगे कि वह टीम के मारक हथियार हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img
Latest News

भारत ने पहले टेस्ट में वेस्टइंडीज को पारी और 140 रन से हराया

भारत और वेस्टइंडीज के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए पहले टेस्ट मैच का आज तीसरा...
- Advertisement -spot_img

More Articles Like This